सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया/रांची: राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी कि एसआईआर  अभियान को और अधिक गति देने के उद्देश्य से राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को  स्वयं एसआईआर (एन्यूमरेशन) प्रपत्र भरकर जमा किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना एसआईआर प्रपत्र भरने तथा मतदाता सूची में दर्ज अपने विवरण का सत्यापन कराने की अपील की।

लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है- मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन 
झारखंड के जनमानस को संदेश देते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है और प्रत्येक पात्र मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह अपने मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने के लिए इस प्रक्रिया में भाग ले। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार केवल संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम भी है। ऐसे में मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का सही होना पहली और सबसे महत्वपूर्ण शर्त है। यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो इसका सीधा प्रभाव चुनावी प्रक्रिया पर पड़ सकता है। इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से लेते हुए अपना सत्यापन अवश्य कराना चाहिए।

आम जनता से सीएम ने की अपील 
वहीं मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि केवल स्वयं प्रपत्र भरना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में दर्ज होगा और कोई भी योग्य मतदाता इस अधिकार से वंचित नहीं रहेगा।

कल्पना सोरेन की भी रही सहभागिता 
मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 290 की बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) ने एसआईआर एन्यूमरेशन प्रपत्र भरने की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।


लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है- हेमन्त सोरेन 
राज्यभर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं तथा उनके नाम, पते और अन्य विवरणों का सत्यापन कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि भविष्य में होने वाले चुनावों में किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े और चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय एवं निष्पक्ष बन सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में सक्रिय सहयोग दें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना सत्यापन कार्य पूरा कराएं। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड की जनता इस अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाएगी।

इनकी रही उपस्थिति 
इस अवसर पर रांची उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री, एसडीओ कुमार रजत, ईआरओ सह एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन और बीएलओ वेरोनिका देवी सहित निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।