संवाददाता रोहित कुमार/बिजनौर

नहटौर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक ओम कुमार ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने अपने गृह जनपद बिजनौर की प्रसिद्ध ‘विदुर ब्रांड’ के उत्पादों की टोकरी भेंट कर मुख्यमंत्री जी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

शिष्टाचार भेंट के दौरान विधायक ओम कुमार ने नहटौर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जनपद बिजनौर में बढ़ रही गुलदारों की संख्या और उनके कारण लगातार हो रही घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा। उन्होंने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुलदारों के बढ़ते खतरे पर प्रभावी नियंत्रण एवं आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।

विधायक ने क्षेत्र के गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा भी मुख्यमंत्री जी के समक्ष मजबूती से उठाया। उन्होंने बताया कि चीनी मिलों द्वारा समय से गन्ने का भुगतान न किए जाने के कारण किसान आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। भुगतान में देरी से किसानों के रोजमर्रा के घरेलू खर्चों के साथ-साथ खेती-किसानी से जुड़े कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। विधायक ने किसानों के हित में संबंधित मिलों से गन्ना मूल्य का भुगतान यथाशीघ्र कराए जाने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक ओम कुमार द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक एवं ध्यानपूर्वक सुना तथा जनसुरक्षा और किसानों से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विधायक ओम कुमार ने मुख्यमंत्री जी को अपने व्यस्त कार्यक्रम में से समय प्रदान करने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री जी से नहटौर विधानसभा क्षेत्र में पधारकर क्षेत्रवासियों को अपना आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का अनुरोध किया।

विधायक ओम कुमार ने कहा कि नहटौर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे बिजनौर की जनता के हितों की आवाज को शासन तक पहुंचाना और समस्याओं का प्रभावी समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। किसानों, ग्रामीणों और आमजन से जुड़े प्रत्येक विषय को पूरी मजबूती के साथ शासन के समक्ष उठाया जाता रहेगा।