रफ़्तार संवाददाता /अभिषेक गुप्ता /मांडर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संकल्प डांस स्टूडियो, मांडर में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि समाजसेवी अमिताभ कुमार पाठक (बाबू पाठक) ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के रांची विभाग संयोजक उत्कर्ष नन्द तिवारी ने कहा कि नियमित योग और प्राणायाम से छात्रों की स्मरण शक्ति एवं एकाग्रता बढ़ती है।

कार्यक्रम में ताड़ासन, वृक्षासन, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योगाभ्यास कराए गए। संकल्प डांस स्टूडियो की वरिष्ठ छात्रा अनुपमा उरांव ने योग कला का आकर्षक प्रदर्शन किया, जबकि छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

संकल्प डांस स्टूडियो के संस्थापक अमित कर्मकार ने कहा कि संस्थान छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रयासरत है। कार्यक्रम में निदेशक सोनी कुमारी, रोहिणी उरांव, दीप्ति कुजूर, सृष्टि उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

अंत में निदेशक सोनी कुमारी ने बताया कि संस्थान में डांस, संगीत, पेंटिंग एवं योग की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।