सरायकेला: शहर के वृद्धाश्रम के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में थार और छोटा हाथी वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटा हाथी का चालक वाहन के केबिन में फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग चालक को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए।जानकारी के अनुसार, सिनी-मोहितपुर की ओर से सरायकेला आ रही थार (डीएल 1 सीएएफ 1650) में डी. तेजस प्रताप, उनकी बहन नेहा कुमारी, चालक पल्लव सिंह तथा 14 माह का मासूम शिवम सिंह (पिता-आकाश सिंह) सवार थे। हादसे में शिवम सिंह को हल्की चोटें आईं।घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पत्रकार विजय कुमार साव और दशरथ प्रधान ने मानवता का परिचय देते हुए घायल मासूम को अपने वाहन से सदर अस्पताल, सरायकेला पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।दुर्घटना में छोटा हाथी (जेएच 22 जे 0449) का चालक वाहन में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों को हादसे का प्रमुख कारण बताया और सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।