रांची: सावन माह में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजंत्री (Manjunath Bhajantri) ने पहाड़ी मंदिर (Pahari Mandir) पहुंचकर चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंदिर तक जाने वाली सीढ़ियों (Stairway), शौचालय निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेवर ब्लॉक (Paver Blocks), पेयजल, बिजली आपूर्ति और अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सावन में आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन, पूजा-अर्चना और अन्य सुविधाओं में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

समय पर पूरे हों सभी विकास कार्य

उपायुक्त ने संबंधित विभागों और मंदिर समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि पहाड़ी बाबा मंदिर रांचीवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से विशेष पूजा-अर्चना (Special Worship) भी की और जिले के लोगों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

 

साथ ही प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपील की कि मंदिर परिसर में शीशे (Glass) या धातु (Metal) की वस्तुओं का प्रयोग न करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।