कुमार विक्रम - दुमका। नारी सम्मान और महिलाओं को संवैधानिक अधिकार देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भारतीय जनता पार्टी दुमका सदर मंडल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के समर्थन में और इस ऐतिहासिक विधेयक के विरोध में कांग्रेस की कथित भूमिका के खिलाफ भाजपाइयों का गुस्सा फूट पड़ा। सदर मंडल अध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गुहियाजोड़ी चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया।पुतला दहन के पश्चात आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष मनीष कुमार ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी और ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया, कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी पुरानी मानसिकता के कारण लगातार महिलाओं के अधिकारों की राह में रोड़ा अटकाने का काम कर रहे हैं। इस विधेयक को पारित होने से रोकने का प्रयास कांग्रेस के महिला विरोधी चरित्र को उजागर करता है।गुहियाजोड़ी चौक पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि देश की आधी आबादी को उनका हक देने के लिए भाजपा सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है, लेकिन विपक्ष इसे पचा नहीं पा रहा है। भाजपाइयों ने संकल्प लिया कि वे कांग्रेस की इस 'महिला विरोधी' राजनीति को जनता के बीच ले जाएंगे और नारी शक्ति के सम्मान के लिए अपना आंदोलन जारी रखेंगे।इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। मौके पर मुख्य रूप से मंडल महामंत्री सुजीत यदुवंशी, मनोहर मरांडी, श्याम गुप्ता, लाल चंद्रपाल, गोविंद कुमार, नरेश चंद्रवंशी, संतोष शाह, रंजीत यादव, आनंद चालक, रामकुमार, जयचंद पाल, संजय शास्त्री, श्याम कुमार महतो और रंजीत तूरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।