बोकारो 
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची को शत-प्रतिशत अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से सभी वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित विधानसभा क्षेत्रों एवं प्रखंडों का भ्रमण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के कार्यों का निरीक्षण किया तथा अभियान के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उप विकास आयुक्त  शताब्दी मजूमदार एवं प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने बोकारो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चास/बीएस सिटी क्षेत्र का निरीक्षण किया। जिला भूमि सुधार उप समाहर्ता पूर्णिमा कुमारी ने चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के चास एवं चंदनकियारी प्रखंड का भ्रमण किया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता ने बेरमो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पेटरवार एवं जरीडीह प्रखंड का निरीक्षण किया। जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज ने बेरमो विधानसभा क्षेत्र के बेरमो एवं चंद्रपुरा प्रखंड का भ्रमण किया। वहीं, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. शफीक आलम ने गोमिया विधानसभा क्षेत्र के कसमार एवं पेटरवार प्रखंड का निरीक्षण किया तथा जिला कृषि पदाधिकारी मो. शाहिद ने डुमरी विधानसभा क्षेत्र (अंश) अंतर्गत नावाडीह एवं चंद्रपुरा प्रखंड का दौरा किया। वहीं, इसके अतिरिक्त सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून आदि ने भी बी.एस. सिटी क्षेत्र का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने बीएलओ, सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर से मतदाता सत्यापन, आवश्यक दस्तावेजों के संकलन, घर-घर सर्वेक्षण तथा ऑनलाइन प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि नए पात्र मतदाताओं का नाम समयबद्ध तरीके से मतदाता सूची में जोड़ा जाए तथा मृत, स्थानांतरित एवं दोहरे नाम वाले मतदाताओं का नियमानुसार सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही सभी बीएलओ को प्रत्येक घर तक पहुंचकर निर्धारित प्रपत्रों का सही एवं पूर्ण रूप से संकलन करने तथा सभी प्रविष्टियां आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ करने का निर्देश दिया गया। जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां कार्य में तेजी लाने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला होती है। इसलिए सभी बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।