सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड स्थित एकलव्य आश्रम विद्यालय परिसर में चल रहे चारदीवारी मरम्मत कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है।निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और मजदूरों को निर्धारित दर से कम मजदूरी दिए जाने के आरोप सामने आने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंच गया है।प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि संवेदक राजेश सिंह द्वारा उनसे प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक काम कराया जाता है, लेकिन इसके बदले केवल 250 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जा रही है। मजदूरों ने सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी दर के अनुसार भुगतान कराने की मांग की।प्रखंड प्रमुख ने आरोप लगाया कि निरीक्षण के बाद उन्होंने मौके से ही संवेदक से फोन पर संपर्क कर निर्माण कार्य में पाई गई त्रुटियों को दूर करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि इस दौरान संवेदक ने कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए कहा, "जिससे शिकायत करनी है कर दीजिए, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।"इस घटना के बाद प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, जिला परिषद सदस्य झींगी हेम्ब्रम तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं जिला परिषद अध्यक्ष को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।इस संबंध में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने बताया कि उन्हें जनप्रतिनिधियों का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।