दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा जिले में झारखण्ड संयुक्त असैनिक (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में अधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, उड़नदस्ता दंडाधिकारियों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ बैठक कर विस्तृत ब्रीफिंग की। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 19 अप्रैल 2026 को दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। इस परीक्षा में कुल 3624 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग कैमरे की निगरानी में की जाएगी और केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। साथ ही परीक्षार्थियों के बैग रखने के लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित करने को भी कहा गया।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे से सक्रिय रहेगा। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सजग रहकर परीक्षा को सफल बनाने का निर्देश दिया है। इस मौके पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, सिविल सर्जन डॉ एस पी मिश्रा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लांगुरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, उड़नदस्ता दंडाधिकारी, पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक, पुलिस पदाधिकारी के अलावा अन्य संबंधित मौजूद रहे।