सरायकेला: झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा संचालित मासिक निवृत्तिका (कलाकार पेंशन) योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र कलाकारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरायकेला में दो दिवसीय विशेष सहायता शिविर आयोजित करने की मांग उठी है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी-सह-सचिव, राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र, सरायकेला को सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने आवेदन सौंपा।आवेदन में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बुजुर्ग, गंभीर रूप से अस्वस्थ एवं स्थायी दिव्यांग कलाकारों से कलाकार पेंशन योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित है।आवेदन में उल्लेख किया गया है कि सरायकेला छऊ की जन्मस्थली होने के कारण यहां बड़ी संख्या में ऐसे वरिष्ठ एवं जरूरतमंद कलाकार रहते हैं, जिन्हें आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की तैयारी तथा प्रपत्र भरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।इसी को देखते हुए अनुरोध किया गया है कि सरायकेला अनुमंडल कार्यालय अथवा राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र में दो दिवसीय विशेष सहायता शिविर आयोजित किया जाए। शिविर में कलाकारों को आवेदन प्रपत्र उपलब्ध कराने, आवेदन भरने में सहयोग देने, आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं मार्गदर्शन करने तथा पात्र कलाकारों के आवेदन समय पर निदेशालय, रांची भेजने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।आवेदन में कहा गया है कि यदि इस प्रकार का विशेष शिविर आयोजित किया जाता है तो अधिक से अधिक पात्र कलाकार समय पर आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजना का उद्देश्य भी सफल होगा। जनहित एवं कलाकारों के हित को देखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।