भारत की आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों के क्रम में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तथा ग्राम/नगर निर्देशिका के सफल संकलन हेतु क्षेत्र पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आज डॉ. राधाकृष्णन भवन स्थित समाहरणालय सभा-कक्ष, मोतिहारी में दीप-प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्त्ता (राजस्व), मोतिहारी,पूर्वी चम्पारण श्री मुकेश कुमार सिन्हा ने की। प्रशिक्षण में जनगणना 2027 के उद्देश्यों, जिला जनगणना हस्तपुस्तिका एवं ग्राम/नगर निर्देशिका में संकलित किए जाने वाले आंकड़ों, उनके महत्व तथा क्षेत्र स्तर पर बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला जनगणना पदाधिकारी ने क्षेत्र- पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने प्रखंडों में शत-प्रतिशत शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ आंकड़े एकत्रित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका एवं ग्राम/नगर निर्देशिका नीति निर्धारण एवं विकास योजनाओं के लिए आधारभूत दस्तावेज है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।
प्रशिक्षण के दौरान क्षेत्र- पदाधिकारियों को प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया, कोडिंग, मानचित्रण तथा डाटा सत्यापन के तकनीकी पहलुओं पर भी व्यावहारिक जानकारी दी गई। सभी क्षेत्र- पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे प्राप्त प्रशिक्षण का अपने क्षेत्र में शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करेंगे। इस अवसर पर
जिला नोडल पदाधिकारी ( जनगणना कोषांग ) -सह - जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में जिले के चकिया एवं हरसिद्धि चार्ज अंतर्गत सभी क्षेत्र - पदाधिकारी उपस्थित थे। विदित हो कि जिले में कुल 37 चार्ज अंतर्गत 27 ग्रामीण एवं 10 शहरीय चार्ज के क्षेत्र - पदाधिकारियों का प्रशिक्षण 15 जुलाई 2026 से 24 जुलाई 2026 तक होना सुनिश्चित है ।जिसमें राज्य निदेशालय से नोडल के रूप में आदित्य कुमार , राज्य प्रशिक्षक हेमंत कुमार सिंह, प्रताप कुमार सिन्हा , राज्य स्तरीय प्रशिक्षक राजीव कुमार सिंह, जिला प्रशिक्षक कुणाल चौबे,अभिजीत कुमार प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से पूरा कर रहे हैं। वहीं मौके पर प्रबंधन कोषांग से गोपाल जी मिश्रा, अमरेश कुमार एवं कमलेश कुमार सिंह उपस्थित थे।