दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जामताड़ा के मिहिजाम में भक्ति और स्वास्थ्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा, सामाजिक संगठनों और शहर के स्कूलों ने मिलकर बड़े पैमाने पर अपने अपने क्षेत्रों में योग शिविर का आयोजन किया। सैकड़ों की संख्या में लोग, छात्र, महिला, नवयुवक और बुजुर्ग मैट लेकर सुबह से ही अपने अपने योग स्थल पहुंच गए। प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी ने सूर्य नमस्कार, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, ताड़ासन और ध्यान किया। संघ के स्वयंसेवकों ने सामूहिक योग कर अनुशासन का संदेश दिया, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर घर तक योग पहुंचाने का संकल्प दोहराया। स्कूलों के बच्चों ने सामूहिक आसनों का सुंदर प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। मंच से मार्गदर्शकों ने कहा कि योग केवल दिखावा नहीं, इसे रोज की आदत बनाना जरूरी है। रोज 15-20 मिनट योग करने से मन शांत रहता है, शरीर लचीला बनता है और बीमारियों से लड़ने की ताकत मिलती है। मानसिक तनाव और जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं का सबसे कारगर समाधान योग ही है। आयोजकों ने कहा कि मिहिजाम की गंगा-जमुनी तहजीब की तरह यहां का योग प्रेम भी सभी को जोड़ता है। कार्यक्रम के अंत में योग करे, निरोग रहे के नारे के साथ सभी ने रोज योग करने का संकल्प लिया। शहर ने दिखा दिया कि जब इरादा पक्का हो तो पूरा समाज स्वस्थ बन सकता है।