सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची: मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले लाखों विद्यार्थियों का इंतजार आखिरकार हुआ। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी कि एनटीए द्वारा नीट यूजी 2026 का परिणाम घोषित किया गया है। इस वर्ष परीक्षा कथित पेपर लीक विवाद के कारण लंबे समय तक सुर्खियों में रही और प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा भी आयोजित की गई। इस बार के नीट यूजी परीक्षा में झारखंड के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

सुहर्ष कुमार गुप्ता बने झारखंड टॉपर

झारखंड के सुहर्ष कुमार गुप्ता ने 99.9771 पर्सेंटाइल हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक  455 प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ वे झारखंड के स्टेट टॉपर बने हैं। उनकी सफलता ने राज्य के अन्य मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण पेश किया है।

ज्ञानेंद्र गर्व 99.96 पर्सेंटाइल लाकर ऑल इंडिया रैंक 676 की हासिल

वहीं राजधानी रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 676 हासिल की है। उन्हें परीक्षा में 655 अंक मिले हैं और उनका 99.96 पर्सेंटाइल रहा। ज्ञानेंद्र के पिता मयंक भूषण गढ़वा में एसडीओ हैं, जबकि उनकी माता कुमारी अंजली सरकारी शिक्षिका हैं। उन्होंने 12वीं की पढ़ाई जेवीएम श्यामली और 10वीं की शिक्षा डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल, रांची से पूरी की है।

विवादों में रहा नीट यूजी परीक्षा 2026 लेकिन झारखंड के युवाओं ने बढ़ाया मान

देशभर में लाखों अभ्यर्थियों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में झारखंड के इन छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।एनटीए के अनुसार, इस वर्ष 11.21 लाख अभ्यर्थी एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष तथा अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं। अब सफल अभ्यर्थी अखिल भारतीय और राज्य स्तरीय काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेकर मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्राप्त करेंगे।गौरतलब है कि इस वर्ष नीट यूजी परीक्षा कथित पेपर लीक के आरोपों को लेकर विवादों में रही। जांच और पुनर्परीक्षा के बाद एनटीए ने अंतिम परिणाम जारी किया है।