दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाज कल्याण समिति, जामताड़ा की ओर से आयोजित सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार को विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए प्रश्नमंच एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सेंट एंथोनी स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल, एडवर्ड इंग्लिश स्कूल, एससी-एसटी स्कूल, दुलाडीह सहित कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वही चित्रकला प्रतियोगिता सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक आयोजित हुई। इसके बाद 10:30 से 11:30 बजे तक प्रश्नमंच प्रतियोगिता हुई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, सामान्य ज्ञान एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला ।समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति एवं रचनात्मक सोच की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन 15 अगस्त को सुबह 9:45 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि शाम छह बजे समिति कार्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें देशभक्ति गीतों पर नृत्य, समूह नृत्य एवं एकल प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। मंच संचालन शिक्षाविद डॉ. डी.डी. भंडारी ने किया। समिति ने लोगों से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।