बगहा /मोहम्मद इम्तियाज :। समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण के लिए बगहा की सामाजिक संस्था “पुअर हेल्पिंग हैंड” के आठ सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान पं. चन्द्रशेखर धर शुक्ल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थान द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान संस्थान के पदाधिकारियों ने संस्था के सदस्यों को प्रशंसा-पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की। संस्था के सचिव देवीदत्त मालवीय ने बताया कि पुअर हेल्पिंग हैंड के सदस्य जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम में पुण्णेंदु सत्यार्थी ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए समर्पित युवाओं को प्रोत्साहित करना बेहद आवश्यक है। सम्मानित होने वालों में विकास कुमार, आदर्श तिवारी, नजरे आलम, श्रीराम कुमार, विशाल कुमार, सन्नी कुमार, राजकुमार एवं सूरज कुमार शामिल रहे। सभी सम्मानित सदस्यों ने इस सम्मान को अपने लिए प्रेरणा बताते हुए समाजसेवा के कार्यों को और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मिथिलेश उपाध्याय, केशव कुमार, कुलदीप कुमार, रूपेश कुमार पाठक, प्रत्यूष सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने सामाजिक सेवा को मानवता का सर्वोच्च धर्म बताते हुए युवाओं से समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।