सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एनएमएल केरेडारी कोयला खनन परियोजना में दिनांक 21-07-2026 को खदान में जलभराव आपदा से बचाव का अभ्यास सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। परियोजना प्रमुख श्री अरुण कुमार सक्सेना के दूरदर्शी नेतृत्व तथा एनडीआरएफ के उप कमांडेंट श्री विनय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास का संचालन राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), रांची के द्वारा किया गया। इस दौरान एनडीआरएफ टीम कमांडर श्री सूरज कुमार (निरीक्षक एनडीआरएफ), तथा अंचल अधिकारी श्री विपिन चंद्र विश्वास के नेतृत्व में विभिन्न एजेंसियों के बीच उत्कृष्ट समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता एवं प्रभावी बचाव कार्य का प्रदर्शन किया गया।
सुरक्षा एवं आपातकालीन तैयारी तथा निकासी योजना के अंतर्गत आयोजित इस अभ्यास में खदान में अचानक जलभराव की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसमें फँसे 16 कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकालकर बिना किसी जनहानि के बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। नियंत्रण कक्ष से सूचना प्राप्त होते ही एम्बुलेंस, अग्निशमन दल तथा बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। इस दौरान एनडीआरएफ, परियोजना की आंतरिक सुरक्षा टीम, सीआईएसएफ, एनटीपीसी प्रशासन, बीजीआर, सीसीएल की चंद्रगुप्त परियोजना, अग्निशमन दल तथा केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा टीम पूरी तरह सक्रिय रही। वहीं, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने त्वरित निकासी सुनिश्चित करने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार कर घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभ्यास के उपरांत टीम कमांडर श्री सूरज कुमार (निरीक्षक एनडीआरएफ), ने कहा कि ऐसे अभ्यासों का उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी सहभागी एजेंसियों की तत्परता और समन्वय की सराहना की। इसके पश्चात एनडीआरएफ की टीम ने जल में डूबने जैसी आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा, प्रारंभिक बचाव उपायों तथा प्राथमिक उपचार से संबंधित व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।
यह सफल अभ्यास एनएमएल केरेडारी की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, सुव्यवस्थित आपदा प्रबंधन प्रणाली तथा सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। स्थापना काल से शून्य दुर्घटना का गौरवपूर्ण रिकॉर्ड बनाए रखना परियोजना की सुरक्षा-प्रथम कार्य संस्कृति, नियमित प्रशिक्षण और प्रभावी नेतृत्व को प्रतिबिंबित करता है।
बचाव अभ्यास के समापन पर आईएसओ ऑब्जर्वर एवं सुरक्षा विभागाध्यक्ष श्री वी. सी. दुबे, खान अभिकर्ता श्री यू. सदानंद चारी तथा खान प्रबंधक श्री संजय कुमार मोहंती ने सभी सहभागी एजेंसियों, अधिकारियों एवं कर्मियों का सफल आयोजन, उत्कृष्ट समन्वय तथा सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।