दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 9, हटिया रोड स्थित हाई स्कूल मोड़ के पास प्रशासनिक उदासीनता के कारण स्थानीय लोग खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। यहाँ बना एक जर्जर कलवर्ट, ढहने की कगार पर खड़ा मकान और जंग खाया बिजली का पोल किसी बड़ी दुर्घटना को खुला निमंत्रण दे रहे हैं।
हादसों का केंद्र बना कलवर्ट
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, हाई स्कूल मोड़ के पास बना कलवर्ट आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन गया है। यहाँ कई वाहन पलट चुके हैं और राहगीर चोटिल हो चुके हैं। आगामी मुहर्रम पर्व और ताजिया जुलूस को देखते हुए फिलहाल कलवर्ट के गड्ढों को काली मिट्टी से अस्थायी रूप से भर दिया गया है। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई स्थायी समाधान नहीं है; पहली बारिश में ही मिट्टी बह जाएगी और स्थिति फिर वैसी ही हो जाएगी।
जान जोखिम में डाल काम कर रहे लोग
इसी मोड़ के पास एक अत्यंत जर्जर मकान है, जिसके पिलर में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं। इस भवन में स्थानीय लोग सिलाई मशीन लगाकर कपड़े सिलने का व्यवसाय करते हैं। मजबूरी में लोग जान हथेली पर रखकर यहाँ काम कर रहे हैं। इसके अलावा, पास में लगा एक बिजली का पोल नीचे से पूरी तरह जंग खाकर खोखला हो चुका है, जो हल्की आंधी या टक्कर से कभी भी गिर सकता है।
क्या कहते हैं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि
इस गंभीर समस्या पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पूना बावरी ने बताया कलवर्ट निर्माण का बिल पास हो चुका है, लेकिन ठेकेदारों द्वारा काम शुरू करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही है। जर्जर बिजली पोल को लेकर बिजली विभाग को सूचना दी गई थी, अधिकारियों ने जांच भी की, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। जर्जर मकान व जलजमाव को लेकर बावरी ने कहा जलजमाव के कारण मकान की नींव कमजोर हो रही है। इसकी लिखित शिकायत नगर परिषद को दी गई है, फिर भी ठेकेदार द्वारा हाई ड्रेन का निर्माण नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग को चेतावनी दी है कि यदि मुहर्रम के तुरंत बाद इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।