सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची:नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और दृष्टिबाधित लोगों के जीवन की कठिनाइयों का अनुभव कराने के उद्देश्य से राजधानी रांची में आगामी 30 अगस्त को ऐतिहासिक ‘ब्लाइंडफोल्ड रन फॉर विजन 2026’ का आयोजन किया जाएगा। आई डोनेशन अवेयरनेस क्लब, कश्यप मेमोरियल आई बैंक और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन की घोषणा गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में की गई। मौके पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अभियान का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता पैदा करने वाला मानवीय अभियान है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से इस आयोजन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
30 अगस्त को सुबह सात बजे होगी ब्लाइंडफोल्ड मैराथन
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि 30 अगस्त 2026 को सुबह 7 बजे रांची में आयोजित होने वाली इस अनूठी मैराथन में प्रतिभागी अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर दौड़ेंगे। इस आयोजन में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा, जबकि भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान एवं पूर्व सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से आयोजित हो रही 'रन फॉर विजन' और 'ब्लाइंडफोल्ड रन' ने समाज में नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रतिभागी कुछ समय के लिए दृष्टिहीन व्यक्तियों की तरह जीवन का अनुभव करते हैं, जिससे उनके प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है।
35 वर्षों की सेवा, 1089 लोगों के जीवन में लौटा उजाला
वहीं,स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने डॉ. भारती कश्यप और डॉ. बी. पी. कश्यप की सराहना करते हुए कहा कि उनका 35 वर्षों का सेवा अभियान आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1996 में राज्य का पहला सफल नि:शुल्क कॉर्नियल ट्रांसप्लांट कर झारखंड में नेत्र प्रत्यारोपण की नई शुरुआत हुई थी।उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में डॉ. भारती कश्यप ने एल. वी. प्रसाद आई इंस्टीट्यूट, हैदराबाद से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर झारखंड में 'एमके मीडियम' की सुविधा उपलब्ध कराई, जिससे कॉर्निया को लंबे समय तक सुरक्षित रखना संभव हो सका। उन्होंने कहा कि कश्यप दंपति के प्रयासों से अब तक 1089 दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में रोशनी लौटाई जा चुकी है। यह उपलब्धि केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।
सामाजिक संगठनों से जुड़ने की अपील
सामाजिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने संदेश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग नेत्रदान का संकल्प लें, ताकि झारखंड को अंधत्व मुक्त बनाने की दिशा में सार्थक कदम उठाया जा सके।
'यह सिर्फ दौड़ नहीं, संवेदना का अभियान है' -डॉ. भारती कश्यप
कश्यप मेमोरियल आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भारती कश्यप ने आयोजन को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम नेत्रदान जागरूकता अभियान का सबसे महत्वपूर्ण आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि पिछले 20 वर्षों से लगातार आयोजित इस अभियान को इस वर्ष राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की साझेदारी मिलने से इसका दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।उन्होंने कहा कि इस दौड़ का सबसे भावुक दृश्य वह होता है, जब सैकड़ों बच्चे अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर दूसरे बच्चों का हाथ पकड़कर दौड़ते हैं। यह केवल प्रतीकात्मक दौड़ नहीं, बल्कि समाज को यह एहसास कराने का माध्यम है कि दृष्टि खोने का दर्द क्या होता है और नेत्रदान किसी के जीवन में किस तरह नया उजाला ला सकता है।
ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को सहभागिता करने के लिए हुई अपील
डॉ. भारती कश्यप ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान से जुड़ें, नेत्रदान का संकल्प लें और दूसरों के जीवन में रोशनी लाने की इस मानवीय पहल का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि 'ब्लाइंडफोल्ड रन फॉर विजन-2026' केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संवेदना, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का ऐसा अभियान है, जो समाज को नेत्रदान के महत्व से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन चुका है।