दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

मानव सेवा को समर्पित जेबी यूनिट क्लब ने रविवार को रूपनारायणपुर फाड़ी अंतर्गत हिंदुस्तान केबल्स परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में युवाओं और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 40 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाराबानी विधायक के पिता मऊ राय ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान और मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य है। एक बूंद रक्त किसी की जान बचा सकता है। उन्होंने क्लब से आग्रह किया कि वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरतमंदों की सेवा के हर अभियान में उनका पूरा सहयोग मिलेगा। क्लब के सदस्य सुभोजित कविराज ने बताया कि संस्था का लक्ष्य केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है। संस्था स्वच्छता अभियान, गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा समाज को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। शिविर को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी सहयोगियों और रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।