रांची: झारखंड की राजधानी रांची से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। 1 जुलाई 2026 से रांची एयरपोर्ट से संचालित चार प्रमुख उड़ानों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। एयरलाइंस कंपनियों ने विमान ईंधन (ATF) की बढ़ती कीमतों और बढ़ते परिचालन खर्च को देखते हुए यह फैसला लिया है।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रांची से दिल्ली और हैदराबाद के लिए अपनी उड़ानें बंद करने का निर्णय लिया है। वहीं इंडिगो भी रांची-कोलकाता और रांची-हैदराबाद रूट पर अपनी सेवाएं रोक देगी। इससे इन प्रमुख सेक्टरों में यात्रियों के लिए उपलब्ध सीटों की संख्या कम हो जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि उड़ानों की संख्या घटने से टिकटों की उपलब्धता प्रभावित होगी और मांग बढ़ने पर किराये में भी इजाफा हो सकता है। खासकर छुट्टियों और त्योहारों के दौरान यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ सकता है।
रांची से दिल्ली, कोलकाता और हैदराबाद के लिए बड़ी संख्या में कारोबारी, छात्र, नौकरीपेशा लोग और इलाज के लिए जाने वाले मरीज नियमित रूप से यात्रा करते हैं। उड़ानें कम होने के बाद कई यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट या दूसरे विकल्पों का सहारा लेना पड़ सकता है।
एविएशन विशेषज्ञों के मुताबिक, विमान संचालन की लागत में एयर टरबाइन फ्यूल (ATF) का सबसे बड़ा योगदान होता है। ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण कई एयरलाइंस अपने रूट नेटवर्क की समीक्षा कर रही हैं और कम लाभ वाले सेक्टरों पर उड़ानों में कटौती कर रही हैं।