शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत बरमसिया पंचायत सचिवालय में दीप ज्योति झारखंड विकास केंद्र द्वारा "सुरक्षित जीवन" कार्यक्रम के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बरमसिया पंचायत के मुखिया मान सिंह, सहिया साथी पुष्पा मरांडी और मालती हेंब्रम, सरस्वती देवी सहित पंचायत की सभी सहिया दीदियों ने जिम्मेदारी के साथ भाग लिया। इनके साथ ही स्थानीय गांवों की बड़ी संख्या में महिलाओं और किशोरियों ने भी इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
शिविर में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए संस्था की सचिव चंचला सोनी ने मासिक धर्म के दौरान महिलाओं को होने वाली कठिनाइयों और उनके समाधान पर विशेष चर्चा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अवधि में साफ-सफाई न रखने का सीधा असर प्रजनन स्वास्थ्य और नवजात बच्चों पर पड़ता है, जिससे आगे चलकर जानलेवा बीमारियां हो सकती हैं। इससे बचने के लिए उन्होंने हमेशा उच्च गुणवत्ता वाले सेनेटरी नैपकिन पैड का उपयोग करने की सलाह दी। इस दौरान सहिया साथी पुष्पा मरांडी और सहिया दीदी रासमुनी किस्कू ने स्थानीय भाषा में स्वच्छता के महत्व को समझाया, जिससे ग्रामीणों को बात आसानी से समझ आई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं और किशोरियों ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और साफ पानी के उपयोग का संकल्प लिया। इसके बाद एन.आर.एल. के सी.एस.आर. योजना के तहत संस्था की ओर से सभी को मुफ्त सेनेटरी नैपकिन पैड बांटे गए और उनके सही उपयोग की जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं और सहिया दीदियों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए।