स्थान: मोतिहारी, पूर्वी चम्पारण
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी
पूर्वी चम्पारण के सदर अस्पताल, मोतिहारी में गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) के सुदृढ़ीकरण एवं जिले के सभी पाँच अनुमंडलीय अस्पतालों में तीन-शय्या वाले डायलेसिस यूनिट का लोकार्पण  को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल से वर्चुअल माध्यम से किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पूरे बिहार में किया गया। मोतिहारी में इसका आयोजन सदर अस्पताल परिसर में किया गया, जहां जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला स्तर से मरीजों के रेफरल की संख्या कम करना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूर्व से संचालित चार-शय्या वाले आईसीयू का विस्तार कर उसे 10 शय्या का आधुनिक आईसीयू बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में उपलब्ध अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का भी गैप एनालिसिस कराया जा रहा है, जिसके आधार पर आवश्यक संसाधनों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा ताकि मरीजों को बेहतर उपचार स्थानीय स्तर पर ही मिल सके।
कार्यक्रम में उपमहापौर डॉ. लाल बाबू गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एस.एन. सत्यार्थी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ठाकुर विश्वमोहन, जिला योजना समन्वयक भारत भूषण, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी मो. अमानुल्लाह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।