पूर्वी चंपारण जिला के सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना) हेतु चार्ज प्रखंड एवं नगर निकायों स्तर पर नामित प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को दिनांक 13.04.2026 से दिनांक 24.04.2026 तक दिए जाने वाले प्रशिक्षण का आज से सभी चार्जों में प्रशिक्षण आरंभ हो गया है।
विदित है की जनगणना 2027 को दो चरण में पूर्ण किया जाना है, उसी के निमित्त प्रथम चरण का गणना कार्य 02 मई 2026 से आरंभ हो रहा है जिसे 31 में 2026 तक पूर्ण किया जाना है। प्रथम चरण के इस कार्य में कुल 12616 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है जिन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी श्री सौरभ जोरवाल द्वारा स्वयं चार्ज से संबंधित प्रशिक्षण का पर्यवेक्षण सतत अनुश्रवण किया जा रहा है। इस संबंध में सभी अनुमंडल पदाधिकारी को भी अपने क्षेत्र अंतर्गत चार्ज में चल रहे प्रशिक्षण का सतत निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अतिरिक्त जिला जनगणना कोषांग पूर्वी चंपारण के स्तर से भी तीन अलग-अलग टीम बनाकर प्रशिक्षण की निगरानी की जा रही है।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री अवधेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा बताया गया है कि सभी चार्ज में मकान सूचीकरण से संबंधित प्रगणक इकाई का गठन भौतिक रूप से कर लिया गया है। उक्त प्रगणक इकाई में प्रथम चरण के अंतर्गत इकाई के चौहद्दी को सुनिश्चित करने तथा आवंटित प्रगणक इकाई में मकान पर नंबर देने तथा परिवार के मुखिया से पूछ कर आंकड़ों का संग्रहण किया जाना है।
जनगणना 2027 की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इस बार की जनगणना पूर्णतः पेपरलेस है। इसे डिजिटल मोड में किया जाना है।