दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो
जिले के चंदनक्यारी थाना क्षेत्र स्थित विद्युत उपशक्ति केंद्र में 03 अगस्त 2026 की देर रात हुई सनसनीखेज डकैती कांड का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर लिया है। पिस्तौल की नोक पर कर्मियों को बंधक बनाकर करीब ₹31.39 लाख मूल्य के विद्युत उपकरण लूटे गए थे।
घटना की रात 10 से 12 नकाबपोश अपराधी सबस्टेशन में घुसे थे। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर उनके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद अपराधी सबस्टेशन में लगे कीमती उपकरण लेकर फरार हो गए।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब अगली सुबह एक कर्मचारी पूजा के लिए फूल तोड़ने पहुंचा। उसने मुख्य गेट खुला देखा और आवाज लगाने पर अंदर से जवाब मिला। कमरे का दरवाजा खोलने पर कर्मी बंधे हुए मिले, जिसके बाद तत्काल चंदनक्यारी थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक (सदर चास) वेदांत शंकर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड का सफल उद्भेदन कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में संलिप्त तीन अपराधियों—शाहबाज, अलाउद्दीन उर्फ अलादीन—को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन और बोलेरो जब्त किए गए हैं। डकैती में लूटे गए करीब 1200 मीटर स्क्रैप तार सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस अब अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।