BMC Election Results: शिवसेना का 30 साल का BMC पर दबदबा टूटा, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी; महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में महायुति के कब्जे का दावा
महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। करीब तीन दशक से बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) पर काबिज अविभाजित शिवसेना का दबदबा खत्म हो गया है। शुक्रवार को घोषित नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बीएमसी चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।
राज्य के कुल 29 नगर निगमों की 2,869 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। भाजपा ने 1,425 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना को 399 और एनसीपी को 167 सीटें मिलीं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका की 227 सीटों में भाजपा ने 89 और शिवसेना ने 29 सीटें जीतकर बड़ा बदलाव किया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन 29 नगर निगमों में से मुंबई सहित 25 में सत्ता बनाएगा। फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने विकास का एजेंडा जनता के सामने रखा और लोगों ने इसे स्वीकार किया।
नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान 15 जनवरी को हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई की जनता को धन्यवाद देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वे शहरवासियों को सुशासन और बेहतर जीवन सुविधाएं देने के लिए काम करेंगे।
शिवसेना (उबठा) नेता संजय राउत ने पार्टी की हार के लिए एकनाथ शिंदे को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर शिंदे ने पार्टी से विश्वासघात न किया होता, तो मुंबई में भाजपा का महापौर नहीं होता।
पुणे और नागपुर में भाजपा की जीत
नागपुर नगर निगम की 151 सीटों में भाजपा ने 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत बनाया, जबकि कांग्रेस को 34 सीटें मिलीं। लातूर नगर निगम में कांग्रेस ने 70 में से 43 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया।
पुणे नगर निगम में भाजपा ने 96 सीटें जीतीं। राकांपा को 20 और राकांपा (शरद पवार गुट) को केवल 3 सीटें मिलीं। पिंपरी-चिंचवड में भी भाजपा ने 84 सीटें जीतकर बढ़त बनाई।
AIMIM का चौंकाने वाला प्रदर्शन
एआईएमआईएम ने इस चुनाव में राज्यभर के नगर निकायों में कुल 114 सीटें जीतकर चर्चा बटोरी। छत्रपति संभाजीनगर में 33, मालेगांव में 21, अमरावती में 15, नांदेड़ में 13, धुले में 10, सोलापुर में 8, मुंबई में 6, ठाणे में 5, जलगांव में 2 और चंद्रपुर में 1 सीट हासिल की।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, 29 नगर निकायों में औसतन 54.77% मतदान हुआ। इस चुनाव में 19 निर्दलीय उम्मीदवार भी जीत दर्ज करने में सफल रहे।
Raftaar Media | सच के साथ