सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक एवं पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को गम्हरिया स्थित लाल बिल्डिंग के समीप गुरु जी मार्केट में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो के वरिष्ठ नेता फुलकांत झा ने किया।श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता प्रो. कालीपद सोरेन शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं, बाजार समिति के सदस्यों, दुकानदारों, व्यवसायियों, सब्जी विक्रेताओं तथा स्थानीय लोगों ने स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।सभा को संबोधित करते हुए प्रो. कालीपद सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु का पूरा जीवन जल, जंगल, जमीन और झारखंडी अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने झारखंड राज्य के निर्माण और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके संघर्ष, विचार और सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी दिशोम गुरु के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इस अवसर पर इंद्रकांत झा,देव कुमार दास, अरुण कुमार दास, अपन चंद्रा, महावीर गोराई, सुफल गोराई, राधेश्याम महतो, पंकज अग्रवाल, दीपक झा, शंकर शर्मा, कृपा जी, रुपेश और लाल महतो सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा गुरु जी मार्केट के सभी दुकानदारों, व्यवसायियों और सब्जी विक्रेताओं ने भी कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।