पताही (पूर्वी चंपारण)।
पताही प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मिश्रि टोला में मांगलवार को पहले चरण में छूट गए विद्यार्थियों के बीच पाठ्यपुस्तकों एवं शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। विद्यालय प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया कि कोई भी छात्र-छात्रा आवश्यक शैक्षणिक सामग्री से वंचित न रहे।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक निर्भय रंजन की देखरेख में आयोजित वितरण कार्यक्रम में सभी शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के साथ अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
प्रभारी प्रधानाध्यापक निर्भय रंजन ने बताया कि पूर्व में भी पुस्तकों एवं अन्य सामग्री का वितरण किया गया था, लेकिन कुछ विद्यार्थी विभिन्न कारणों से उस समय उपस्थित नहीं हो सके थे। शिक्षा विभाग एवं प्रशासन के निर्देश के आलोक में ऐसे सभी विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनके बीच सामग्री का शत-प्रतिशत वितरण कराया गया है।
नई किताबें और शैक्षणिक सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खिल उठे। विद्यार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए नियमित रूप से पढ़ाई करने का संकल्प भी लिया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी समय-समय पर समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विद्यालय का कोई भी छात्र-छात्रा सरकार की शैक्षणिक योजनाओं एवं सुविधाओं से वंचित न रहे।