सुबानसाई में नारी एकता महिला महासंघ का वार्षिक अधिवेशन संपन्न
बंदगांव: बंदगांव प्रखंड के सुबानसाई स्थित शहीद मैदान में बुधवार को प्रदान संस्था के तत्वावधान में नारी एकता महिला महासंघ का वार्षिक अधिवेशन हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।सांसद ने महिला महासंघ की सदस्यों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर अधिवेशन का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नारी एकता महिला महासंघ ने समाज में महिलाओं की स्थिति को सशक्त बनाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की जागरूकता और शिक्षा से पूरे समाज को लाभ मिलता है।सांसद ने महिलाओं से एकता, समन्वय और संगठन की शक्ति को बनाए रखते हुए महासंघ को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो महिलाएं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं, उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।अधिवेशन में महिलाओं के विकास और उत्थान के लिए नए विचारों और रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और रोजगार के अवसर, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, तथा महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के उपाय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। सभी सदस्यों ने मिलकर महिलाओं के लिए बेहतर भविष्य निर्माण का संकल्प लिया तथा महिला एकजुटता और सुरक्षा की शपथ ली।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न महिला समितियों की सदस्यों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांसद सहित अन्य अतिथियों ने अधिवेशन में लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर महासंघ की गतिविधियों की जानकारी ली।कार्यक्रम का संचालन किरण गागराई और सुभाषिनी देवी ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर नकटी के मुखिया मिथुन गागराई, समाजसेवी कालीपद सोरेन, राजेश गागराई, अरूप चटर्जी, प्रदान संस्था के टीम कोऑर्डिनेटर हसन अदीब खान, दिलीप कुमार, निशु मिश्रा, त्रिथी दास, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मंजू देवी, मंजूलता राणा, गौरी देवी सहित विकास महिला मंडल बाउरीसाई, मोहिनी महिला मंडल सुबनासाई, मां तारिणी महिला मंडल, मां पाउड़ी महिला मंडल और दिशाउली महिला मंडल की सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
Raftaar Media | सच के साथ