अजीत कुमार / दिल्ली: राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में मां-बेटे की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय शारदा और उनके 14 वर्षीय बेटे खुशाल की अज्ञात आरोपियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को घर के अंदर अंजाम दिया गया, जिससे यह साफ है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे।
हत्या के बाद आरोपी घर में रखे करीब ₹10 से ₹12 लाख नकद और गहने लेकर फरार हो गए। वारदात के पीछे लूट को मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य एंगल से भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है। आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।