पंचकूला । उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने  लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर में आज लघु सचिवालय के सभागार में कुल 69 समस्याओं को सुना। डॉ. यश गर्ग ने कुछ समस्याओं का मौके पर ही निदान किया और बाकि के लिए संबंधित अधिकारियों को जल्द निवारण के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हर कार्य दिवस के दिन समाधान शिविर में जनता की समस्याओं का समाधान करने की नई पहल की है और मुख्यमंत्री स्वयं समाधान शिविर की प्रगति की समीक्षा कर रहे है । गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का गंभीरता व जल्द से जल्द निवारण करें इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वन विभाग को मनरेगा स्कीम के तहत कच्चे रास्ते को ठीक करवाने के दिए निर्देश
उपायुक्त ने खादर गांव के निवासियों की कच्चे रास्ते के मरम्मत की समस्या पर संज्ञान लेते हुए वन विभाग को डीआरडीए से समन्वय स्थापित कर मनरेगा स्कीम के तहत मौके का मुआयना कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होने वन विभाग के अधिकारियों को जिला के लोगों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
होशियार सिंह ने अपनी शिकायत में बताया की वे बंजारा जाति से है जबकि उनका जनरल कास्ट का प्रमाण पत्र बना दिया गया है । इसका संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारी को तुरंत डाक्यूमेंट वेरिफाई कर समस्या का समाधान करने के निदेश दिए।
उपायुक्त ने अभयपुर के एमसी राजेश कुमार की शिकायत पर गांव में पाईपलाईन बिछने की शिकायत का समाधान करते हुए नगर निगम व पुलिस विभाग को कार्य में रूकावट डालने वालों के खिलाफ सख्त कारवाई करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक को बस स्टॉप पर शैड लगवाने के दिए निर्देश
डॉ. यश गर्ग ने सीमा देवी एमसी पूर्व सरंपच बलवान व योगेंद्र के साथ रामपुर सीयूडी महादेव कालोनी रज्जीपुर वार्ड के लोगों द्वारा बस स्टॉप पर शेड ना होने की शिकायत पर हरियाणा रोडवेज के प्रबंधक को बस स्टॉप पर शैड लगवाने के निर्देश दिए। लोगों ने बताया कि बस स्टॉप पर शेड ना होने के कारण विद्यार्थियों और लोगों को बारिश के मौसम में समस्या का सामना करना पड़ता है ।

उपायुक्त ने पुलिस को शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कारवाई के दिए निर्देश
उपायुक्त ने रमन के घर में शरारती तत्वों द्वारा आग लगाने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए डीसीपी को मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कारवाई के निर्देश दिए।
माता मनसा देवी के बाहर प्रसाद की रेहडी फडी वालों को हटाने की शिकायत पर उपायुक्त ने मामले पर संज्ञान लेते हुए उन्हें श्री माता मनसा देवी श्राईन बोर्ड की बैठक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से चर्चा कर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।

उपायुक्त ने एचएसवीपी को स्पीड ब्रेकर बनाने के दिए निर्देश
उपायुक्त ने सैक्टर-21 की तपस्या शर्मा की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को मामले की जांच कर सर्विस लेन पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने व स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए।
ढंडारडु गांव के रामगोपाल की भूमि कटाव को रोकने व रिटेनिंग वाल बनाने की समस्या पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर रिटेनिंग वाल बनाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने जिलावासियों से स्वयं की आय का घोषणा पत्र जमा करवाने की करी अपील
उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की कि जिनकी आय फैमिली आईडी में ज्यादा दर्शायी गई है और जो भी उस आय को कम करवाना चाहता है तो वे अपना स्वयं की आय का घोषणा पत्र अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में जमा करवाए ताकि उसको जल्द से जल्द सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता एसडीएम गौरव चौहान नगराधीश मन्नत राणा जिला राजस्व अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह डीडीपीओ राजन सिंगला डीडब्लयूओ विशाल सैनी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण डीएफएससी वन विभाग नगर निगम पीडब्लयूडी बीएंडआर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।