JHARKHAND DIASPORA: लंदन में प्रवासी झारखंडियों से मिले सीएम हेमंत सोरेन, संस्कृति और पहचान पर जताया गर्व
रांची/लंदन। विदेश दौरे पर पहुंचे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का लंदन में रह रहे प्रवासी झारखंडियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी के स्नेह और सम्मान से मैं अभिभूत हूं, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। विदेश की धरती पर भी झारखंड की संस्कृति, परंपरा और पहचान को जीवित देखना गर्व की बात है। लंदन में रहकर भी झारखंड का नाम रोशन कर रहे आप सभी लोगों का मैं हृदय से आभार प्रकट करता हूं।
मुख्यमंत्री को पाकर झूमे प्रवासी झारखंडी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी टीम से मुलाकात कर लंदन में रह रहे झारखंडी समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर खुशी और गर्व महसूस किया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक अंदाज़ में स्वागत किया गया, जिसमें झारखंडी संस्कृति की झलक साफ नजर आई।
स्वागत के पलों को कल्पना सोरेन ने किया साझा
इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने स्वागत समारोह के भावुक और खास क्षणों को अपने मोबाइल में कैद किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया। वीडियो में प्रवासी झारखंडियों की भावनाएं और उत्साह साफ झलकता है।
संस्कृति से ही पहचान : कल्पना सोरेन
स्वागत के वीडियो के साथ कल्पना सोरेन ने लिखा कि दुनिया के किसी भी कोने में रहें, झारखंडी अपनी परंपरा, संस्कृति और विरासत को गर्व के साथ संजोकर रखते हैं। हमारी संस्कृति ही हमारी असली पहचान है।
लंदन में हुआ यह आयोजन न सिर्फ भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बना, बल्कि यह भी दिखाया कि झारखंड की सांस्कृतिक जड़ें देश की सीमाओं से बाहर भी उतनी ही मजबूत हैं।
Raftaar Media | सच के साथ