संवाददाता राजन साहू

*कानपुर।* समाजवादी पार्टी महानगर इकाई ने आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक सक्रियता तेज कर दी है। मंगलवार को परेड स्थित नवीन मार्केट के पार्टी कार्यालय में हुई मासिक बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं पर सड़कों पर उतरने का निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने की, संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू ने किया। बैठक में संगठन के सभी पदाधिकारियों, राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों सहित सभी फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों ने हिस्सा लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए बूथ का मजबूत होना सबसे जरूरी है। उन्होंने सभी विधानसभा अध्यक्षों को वोटर लिस्ट पुनरीक्षण कार्य में जुटने के निर्देश दिए। मतदाता सूची में नाम बढ़ाने, कटवाने और संशोधन के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 की कड़ी निगरानी की जाए, ताकि कोई भी सपा समर्थक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि महानगर के प्रत्येक वार्ड और गली में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया जाए। पीडीए वर्ग को पार्टी से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर 'पीडीए चौपाल' का आयोजन किया जाएगा। साथ ही फ्रंटल संगठनों और विधानसभा वार सोशल मीडिया टीमों का तत्काल गठन किया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष ने दिवाली और त्योहारी सीजन में बढ़ी महंगाई पर प्रहार करते हुए कहा कि जो सरसों का तेल पहले 110 से 120 रुपये प्रति लीटर मिलता था, वह आज 160 से 170 रुपये के पार पहुंच गया है। दालें जो पहले 80 से 90 रुपये किलो थीं, अब 140 से 160 रुपये किलो बिक रही हैं। रसोई गैस सिलेंडर जो पहले 400 रुपये में मिलता था, वह आज 1000 रुपये के पार है। आलू, प्याज, टमाटर जैसी बुनियादी सब्जियां भी 20-25 रुपये से बढ़कर 60 से 80 रुपये किलो तक पहुंच गई हैं।

उन्होंने कहा कि एक तरफ आसमान छूते भावों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, वहीं दूसरी तरफ शहर में बिजली की अघोषित कटौती, पानी की किल्लत, टूटी सड़कें और चरमराई सफाई व्यवस्था ने जनता का जीना दूभर कर दिया है। सपा इन मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और जल्द ही सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।

बैठक में प्रमुख रूप से महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव मिंटू, नंदलाल जयसवाल, महेन्द्र सिंह, परमवीर गंभीर, ओमप्रकाश गुप्ता, रजत मिश्रा, इम्तियाज रसूल, सुधांशु मिश्रा, सुलेखा यादव, के के मिश्रा, शिवकुमार वाल्मीकि, अरमान खान, दीपक खोटे, शादाब आलम, जमालुद्दीन जुनैदी, हुकुम सिंह, मुमताज मंसूरी, आकाश यादव, शमसुल अंसारी, वीरेंद्र निषाद, अजय श्रीवास्तव, सजल कुशवाह, राजन पटेल, राजेंद्र जयसवाल, शादाब खान, दीप्ती सिंह, कीर्ती अग्निहोत्री, राजेंद्र कोरी, खालिद रजा, शिवम पटेल, राघवेन्द्र यादव, मेराज अहमद, नीरज गुप्ता, आदर्श यादव, इरफान हाशमी, नसीम अहमद, कुलवंत कालरा आदि मौजूद रहे।