विभूति सिंह/भागलपुर
तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित सांसद अजय मंडल के कार्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने झारखंड के गोड्डा से अमन कुमार झा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर अजय चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की गहन जांच की। जांच के दौरान फुटेज में दिखाई दे रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अपराधियों तक पहुंच बनाई।
बताया गया कि सांसद कार्यालय से सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, कंप्यूटर, सरकारी गार्ड की पिस्टल और 35 राउंड गोलियां चोरी हुई थीं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार झा के पास से चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामान में सरकारी पिस्टल, 35 राउंड गोलियां, डीवीआर और अन्य सामान शामिल हैं।सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अमन कुमार झा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। सांसद कार्यालय में हुई चोरी का खुलासा होने के साथ ही चोरी गई सरकारी पिस्टल और गोलियों की भी बरामदगी कर ली गई है।