सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के मुड़िया पंचायत अंतर्गत हाथीटांड गांव का जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल ने दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में व्याप्त बिजली संकट से अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग की।ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली के लिए केबलिंग का कार्य तो पूरा कर दिया गया है, लेकिन अब तक सभी घरों में बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है। केवल कुछ घरों तक ही बिजली की आपूर्ति हो रही है, जिससे अधिकांश परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।ग्रामीणों ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले कीड़े-मकोड़े निकल रहे हैं। ऐसे में बिजली नहीं रहने से लोगों को रात के समय काफी परेशानियों और खतरे का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर हाथीटांड गांव में सभी घरों तक शीघ्र बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।इस मौके पर मनोरंजन महतो, दिलीप महतो, सरजू कालिंदी, टिलु कालिंदी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।