logo

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने दिवंगत भाजपा कार्यकर्ता नन्दलाल मुर्मू के परिजनों से की मुलाकात, बंधाया ढांढस

जामताड़ा: झारखण्ड के प्रथम मुख्यमंत्री सह झारखण्ड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने संताल परगना के दो दिवसीय दौरे के उपरांत दुमका से रांची लौटने के क्रम में नारायणपुर प्रखंड के पहाड़पुर गांव पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत कार्यकर्ता नन्दलाल मुर्मू के परिजनों से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि भाजपा कार्यकर्ता नन्दलाल मुर्मू का विगत 18 जनवरी को निधन हो गया था। श्री मरांडी ने दिवंगत नन्दलाल मुर्मू की धर्मपत्नी रजनी टुडू से मिलकर परिवार की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और गहरी संवेदना व्यक्त की उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर परिवार बेझिझक उन्हें याद कर सकता है। साथ ही उन्होंने परिवार को धैर्य और साहस के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी तथा बच्चों और परिवार के सदस्यों के समुचित देखभाल पर जोर दिया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नन्दलाल मुर्मू पार्टी के एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता थे, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके असामयिक निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर भाजपा नेता सुनील कुमार हांसदा, महेन्द्र मण्डल, चेतन मरांडी, परितोष सोरेन, मण्डल अध्यक्ष दीपक सिन्हा, आनन्द पोद्दार, सुकदेव राय सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत कार्यकर्ता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS