सरायकेला: सरायकेला जिले के डुमरा पंचायत अंतर्गत डुमरा गांव स्थित आशा फाउंडेशन द्वारा संचालित आशा हॉस्टल में रविवार को टाटा स्टील फाउंडेशन ग्रोथ शॉप की टीम ने बच्चों के साथ प्रेरणादायी और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की टीम ने बच्चों के साथ डांस कर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके साथ समय बिताया। चित्रांकन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं सभी बच्चों के बीच किताब, कॉपी, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।इस अवसर पर टाटा स्टील ग्रोथ शॉप के जनरल मैनेजर शरद कुमार शर्मा ने कहा कि फाउंडेशन हमेशा जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि आशा हॉस्टल के बच्चों के बीच आकर उनसे बातचीत करना और उनके साथ समय बिताना बेहद सुखद अनुभव रहा।उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन बच्चों को पढ़ाई के लिए किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, उन्हें फाउंडेशन हरसंभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास करेगा।कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।