आरपीएफ जवान की तत्परता ने बचाया यात्री का जीवन
कानपुर, 04 फरवरी। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने एक बार फिर अपनी सजगता और बहादुरी का परिचय देते हुए एक यात्री की जान बचाई। घटना बुधवार को प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर तब घटी, जब गाड़ी संख्या 12403 के रवाना होते ही एक यात्री चलती गाड़ी से उतरने का प्रयास करने लगा, लेकिन संतुलन बनाए नहीं रख सका और गाड़ी व प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में लाइन पर जा गिरा।
खतरे की इस घड़ी में प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल संतोष कुमार ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर यात्री का हाथ पकड़ा और सुरक्षित बाहर खींच लिया। यात्री को तुरंत आरपीएफ थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ में पता चला कि वह वीरेंद्र कुमार सिंह, निवासी भदोकर, रायबरेली है। उसने बताया कि वह रायबरेली जाने के लिए गलती से इस गाड़ी में चढ़ गया था और गाड़ी के चलने पर उतरने की कोशिश में वह दुर्घटना का शिकार हो गया।
यात्री ने अपनी जान बचाने के लिए आरपीएफ स्टाफ का आभार जताया। इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने और चलती गाड़ी से उतरने के खतरनाक प्रयासों से बचने की सीख दी है। आरपीएफ के इस सराहनीय कार्य ने यात्री सुरक्षा में उनकी अहम भूमिका को रेखांकित किया है।
Raftaar Media | सच के साथ