logo

दुमका के सरकारी स्कूलों में गूंजेगी 'एआई' की गूँज

 

दुमका/कुमार विक्रम: दुमका- झारखंड की उपराजधानी दुमका के सरकारी विद्यालयों में अब शिक्षा का स्वरूप आधुनिक होने जा रहा है। सूचना भवन में आयोजित जिला शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने पठन-पाठन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। बैठक में जिले के विभिन्न स्कूलों के शिक्षक शामिल हुए, जिन्होंने तकनीकी नवाचारों के माध्यम से पढ़ाई को सरल बनाने के अपने अनुभव साझा किए।शिक्षकों ने बताया कि किस प्रकार एआई की मदद से पूरी पाठ्यपुस्तकों को अपलोड कर मल्टीपल चॉइस प्रश्न तैयार किए जा रहे हैं और विद्यार्थियों की उपस्थिति की डिजिटल मॉनिटरिंग की जा रही है। जटिल विषयों, जैसे केमिस्ट्री की पीरियॉडिक टेबल, को याद कराने के लिए एआई आधारित मनोरंजक विधियों का सहारा लिया जा रहा है। इसके अलावा, शिक्षकों द्वारा प्रभावी लेसन प्लान और प्रैक्टिस टेस्ट भी इसी तकनीक से तैयार किए जा रहे हैं।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में एआई विद्यार्थियों के जिज्ञासु मन को संतुष्ट करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि दुमका की स्थानीय जनसांख्यिकी को देखते हुए संताली भाषा में एआई के माध्यम से शिक्षण की संभावनाओं को तलाशा जाए। इससे स्थानीय बच्चों को अपनी मातृभाषा में तकनीकी सहयोग से सीखने का अवसर मिलेगा।
उपायुक्त ने जिले के छात्रों को Google Gemini और ChatGPT जैसे टूल्स के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग की जानकारी देने का भी निर्देश दिया। कार्यक्रम के अंत में एआई के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS