शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।

​शिकारीपाड़ा में आदिवासी अधिकार मोर्चा और प्रवाह संस्था के संयुक्त तत्वाधान में समाजसेवी हाबिल मुर्मू के नेतृत्व में प्रखंड स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और जयकारों के साथ हुई। इस अवसर पर हाबिल मुर्मू ने विश्व आदिवासी दिवस का ऐतिहासिक परिचय देते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा जारी आदिवासी अधिकारों के घोषणापत्र की सराहना की। वहीं वक्ताओं ने आदिवासियों की रैयती जमीन के अवैध हस्तांतरण, विस्थापन, न्याय और मुआवजे में देरी जैसे मुद्दों पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की संवेदनहीनता पर चिंता जताई। इस दौरान ग्राम प्रधान सोनोत टुडू को नशाबंदी अभियान के लिए सम्मानित किया गया, जबकि प्रवाह संस्था के प्रेम कुमार ने बाल अधिकारों और चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रति जागरूकता फैलाई। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर अपनी सामाजिक पहचान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प लिया।