सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची:मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बुधवार को झारखण्ड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान राज्य में उद्योग, व्यापार, निवेश और उद्यमिता के मौजूदा परिदृश्य पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में औद्योगिक विकास की संभावनाओं, निवेश के अनुकूल वातावरण और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री के साथ विचार विमर्श किया
*एफजेसीसीआई द्वारा होने वाले राज्यस्तरीय सम्मेलन के आयोजन में मुख्यमंत्री को शामिल होने का किया आग्रह*
बैठक के दौरान चैंबर प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज की ओर से जल्द ही एक राज्यस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में राज्य के विभिन्न जिलों से जुड़े उद्योगपति, व्यापारी, उद्यमी और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य उद्योग और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर व्यापक विमर्श के साथ राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।
*इनकी रही उपस्थिति*
मुलाकात के दौरान फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया एवं राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग एवं रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, उदयशंकर, रमेश कुमार चिनी, विनय अग्रवाल, पलामू चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के अध्यक्ष आनंद शंकर, कार्यकारिणी सदस्य फिराजुद्दीन तथा गुमला चेम्बर के सदस्य अमर प्रदीप सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।