बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय, बिलासपुर में "सुरक्षित मन, सुरक्षित खदान" विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय अभियान "पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन" के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों के मानसिक सशक्तिकरण, सकारात्मक कार्य संस्कृति तथा सुरक्षित कार्यस्थल के महत्व पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर कर्मचारियों के व्यक्तित्व विकास एवं कार्यस्थल पर उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से "एसईसीएल – इनर एक्सीलेंस सीरीज़" का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसईसीएल एवं ब्रह्माकुमारीज़ के साइंटिस्ट्स, इंजीनियर्स एंड आर्किटेक्ट्स विंग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बी.के. पीयूष भाई ने कहा कि "माइंड सेफ्टी ही माइन सेफ्टी की सबसे मजबूत नींव है।" उन्होंने कहा कि किसी भी खदान की वास्तविक सुरक्षा केवल आधुनिक तकनीक और मशीनों से नहीं, बल्कि वहां कार्य करने वाले प्रत्येक कर्मचारी के संतुलित एवं सकारात्मक मन से सुनिश्चित होती है।
उन्होंने सकारात्मक सोच, वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करने, स्मार्ट वर्क, सौ प्रतिशत समर्पण तथा नियमित मेडिटेशन को सुरक्षित एवं उत्पादक कार्य संस्कृति का आधार बताया।