दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित जामताड़ा क्लब परिसर में रविवार देर रात चतुर्थ झारखंड राज्य आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। आर्म रैसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के निर्देशानुसार जामताड़ा जिला आर्म रैसलिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्यभर के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में नगर पंचायत जामताड़ा की अध्यक्ष आशा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं समाजसेवी तरुण गुप्ता, ज्ञान रेनू विद्या निकेतन के निदेशक श्यामल कुमार मंडल, मनोज सिन्हा, जीतू सिंह, भूपेश गुप्ता, कपीश परशुरामका तथा आर्म रैसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव दीपक दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने सभी भार वर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि आशा गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का अभिन्न हिस्सा हैं। हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए, जबकि विजेता खिलाड़ियों को अहंकार से दूर रहकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य रखना चाहिए। वही समाजसेवी तरुण गुप्ता ने कहा कि जामताड़ा में लगातार जिला एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ रहा है। उन्होंने खेल और खिलाड़ियों के विकास में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। महासचिव दीपक दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी 2 से 4 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली 48वीं राष्ट्रीय आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जहां वे झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में अमित राय, डॉ. भास्कर चांद, सूरज कुमार पासवान, प्रिया रंजन, विभाष कुमार, सौगत महता, विजय तिवारी, मीणा पंडित, मौसम कुमारी, धीरज साहू, कृष सरकार, राहुल यादव, गौरांग सिंह, सोनू मल्लिक एवं मयंक पांडे सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।