सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगामी दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा तैयारियों में जुट गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए प्रदेश नेतृत्व ने जोर लगा दिया है।इसी क्रम में गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिन भर विभिन्न बैठकों का दौर चलता रहा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया।
*प्रदेश संगठन महामंत्री ने तैयारियों की ली जानकारी*
राजधानी रांची स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के दौरान भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, आवास, परिवहन, सुरक्षा, संगठनात्मक बैठकों, कार्यकर्ता सम्मेलन तथा अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन महामंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
*राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार झारखंड दौरा*
बता दें, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार झारखंड आ रहे हैं वे 6 जून को राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे जहां एयरपोर्ट के समीप ही उनके द्वारा पौधारोपण किया जाएगा जिसके बाद बाद धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अन्य महापुरुषों को नमन करते हुए प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे जहां पार्टी के विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री एवं पदाधिकारियों के द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार नितीन नवीन कई सांगठनिक बैठकों में भाग लेंगे और 7 मई को वे वापिस दिल्ली लौटेंगे।
*इनकी रही उपस्थिति*
बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।