Bihar Chunav 2025: CM नीतीश कुमार का सोशल मीडिया पोस्ट, RJD पर हमला और 20 साल की उपलब्धियों का ब्योरा
पटना — बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार में अब रैलियों और भाषणों के साथ-साथ सोशल मीडिया भी मुख्य मंच बन गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को अपने आधिकारिक “एक्स” (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर हमला बोला और दावा किया कि अब बिहार में जंगलराज लौटने वाला नहीं है।
सीएम ने अपने पोस्ट में लिखा कि 2005 से पहले राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर था। अपहरण, डकैती और रंगदारों का आतंक आम था, जिससे लोग डर के साए में जी रहे थे। पुलिस के पास न तो वाहन थे और न हथियार, उद्योग धंधे ठप्प हो गए थे, और लोगों का पलायन जारी था।
उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा देते हुए बताया कि 2005 के बाद कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। पुलिस थानों की संख्या 817 से बढ़ाकर 1380 से अधिक की गई, पुलिस बल बढ़ाकर 42 हजार से 1 लाख 25 हजार से अधिक किया गया और अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया गया। महिलाओं को 35% आरक्षण दिया गया और ‘आदिवासी महिला स्वाभिमान बटालियन’ का गठन किया गया।
सीएम ने कहा कि राज्य में अब प्रेम, भाईचारा और शांति का माहौल है। युवा वर्ग को रोजगार मिल रहा है, बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित है और बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जोर दिया कि अब बिहारी कहलाना सम्मान की बात है और वह अराजक दौर कभी लौटने नहीं देंगे।
नीतीश का यह पोस्ट चुनावी प्रचार का नया स्वरूप दर्शाता है, जिसमें सोशल मीडिया के माध्यम से सीधे जनता को संदेश देने की रणनीति अपनाई जा रही है।
Raftaar Media | सच के साथ