दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, श्यामपुर में मंगलवार को विद्यालय परिसर में विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जलालुद्दीन अंसारी ने की। बैठक का उद्देश्य विद्यालय के सुचारू संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी तथा विद्यालय के समग्र विकास में अभिभावकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। बैठक में प्रवेक्षक के रूप में आईनुल अंसारी एवं सुभाष हेंब्रम उपस्थित रहे। वहीं प्रधानाध्यापक मोहम्मद की देखरेख में विद्यालय प्रबंधन समिति का विधिवत पुनर्गठन किया गया। सर्वसम्मति से इस वर्ष मो. आबुल अंसारी को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा कुरेशा खातून को उपाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा समिति के कुल 25 सदस्यों का चयन किया गया, जो आगामी कार्यकाल में विद्यालय के विकास, छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अपनी भूमिका निभाएंगे।बैठक के दौरान विद्यालय के विकास, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति, स्वच्छ एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वही नवनिर्वाचित अध्यक्ष मो. आबुल अंसारी ने कहा कि समिति विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने अभिभावकों और ग्रामीणों से भी विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।बैठक में जनप्रतिनिधि शैरून बीबी, सुसीमीला टुडू, ग्रामीण अनवर अंसारी, साहाबुद्दीन अंसारी, मोलाउद्दीन अंसारी, बुदीलाल मरांडी, मुस्तकिम अंसारी, शराफत अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक मौजूद रहे।