logo

मलखान सिंह जिला अस्पताल में आधुनिक इमरजेंसी ब्लॉक निर्माण की प्रक्रिया तेज, औपचारिकताएं शीघ्र पूरी होंगी

अलीगढ़। मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में प्रस्तावित आधुनिक इमरजेंसी ब्लॉक के निर्माण की प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। शासन को प्रस्ताव भेजने से पहले सभी आवश्यक तकनीकी और औपचारिक प्रक्रियाओं को पूर्ण किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगवीर सिंह ने अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग और अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड-1 को पत्र भेजकर अस्पताल परिसर में स्थित जर्जर, असुरक्षित और अनुपयोगी भवनों का भौतिक निरीक्षण कर निर्धारित प्रारूप में मूल्यांकन आख्या उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित इमरजेंसी ब्लॉक के निर्माण के लिए आवश्यक भौतिक सत्यापन और तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही अगली कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में सहायक निदेशक सूचना द्वारा अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-1 संजीव पुष्कर से बातचीत की गई, जिसमें उन्होंने आश्वस्त किया कि लोक निर्माण विभाग जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर देगा, ताकि इमरजेंसी ब्लॉक के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सके।

प्रशासन का उद्देश्य जिला अस्पताल में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है। प्रस्तावित इमरजेंसी ब्लॉक के निर्माण से जिले के नागरिकों को त्वरित, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS