ओम प्रकाश तिवारी 
पकड़ीदयाल/मोतिहारी, 20 जुलाई। पूर्वी चंपारण पुलिस ने गृहभेदन करने वाले एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना धर्मेंद्र शाह समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार धर्मेंद्र शाह मोतिहारी सहित कई जिलों में 20 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। गिरोह के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नगद, दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल तथा चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस को गिरोह की गतिविधियों की सूचना एक वायरल वीडियो और गुप्त सूचना के माध्यम से मिली थी। इसके बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए। पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने पकड़ीदयाल, मधुबन, मुफस्सिल, चकिया सहित पूर्वी चंपारण के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गृहभेदन की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातों में इनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस का दावा है कि अब तक 20 से अधिक मामलों का खुलासा हो चुका है और कई कांडों में इनकी भूमिका की पुष्टि हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धर्मेंद्र शाह पहले भी समस्तीपुर जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से चोरी का नेटवर्क सक्रिय कर लिया और अपने साथियों के साथ मिलकर सूने घरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। गिरोह पहले घरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही लाखों रुपये के जेवर, नगद और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था।

बरामद सामान में सोने-चांदी के कई आभूषण, नाक की कील, झुमका, बिछिया, अंगूठी, लॉकेट, चूड़ी सहित अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस बरामद सामान की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है ताकि उन्हें वास्तविक मालिकों को लौटाया जा सके।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में संबंधित कांड दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस बड़ी सफलता पर स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम की सराहना की है।