सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले की सीनी ओपी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के जघन्य मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।जानकारी के अनुसार, आरोपी विजय हेम्ब्रम सीनी ओपी क्षेत्र का रहने वाला है। आरोप है कि उसने अपनी नाबालिग चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना 2 अगस्त 2026 को शाम करीब 4 बजे हुई थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर सरायकेला थाना कांड संख्या 66/2026 दर्ज किया। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और 3 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे तक उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।सीनी ओपी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।