हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का अमर संदेश देता है। उनके पावन आशीर्वाद और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र माटी युक्त कलश वंदन यात्रा का मंगलवार देर शाम गोहाना पहुंचने पर डॉ. अरविंद शर्मा की अगुवाई में भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम से यात्रा का शुभारंभ किया था। गोहाना के डॉ. अंबेडकर चौक पर उन्होने भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं के साथ यात्रा का जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश का वंदन कर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को नमन किया। यात्रा अंबेडकर चौक से रविदास मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।