राजु मंडल रफ्तार मीडिया सवाददाता गांडेय
गांडेय प्रखंड अंतर्गत ग्राम डाहुआटांड में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर प्रखंड विकास पदाधिकारी निशात अंजुम के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बालिकाओं का बाल विवाह सफलतापूर्वक रोक दिया गया।
बाल संरक्षण विभाग से सुबोध कुमार द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई। इस बाल विवाह को रोकने में चाइल्डलाइन से संतोष कुमार वर्मा पंचायत सचिव बसंत कुमार साव, ग्राम पंचायत मुखिया प्रतिनिधि सुरेश मुर्मू आंगनवाड़ी सेविका तथा गांडेय थाना के पुलिस के संयुक्त सहयोग से प्रस्तावित बाल विवाह को रोक दिया गया।
कार्रवाई के दौरान दोनों बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 तथा बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। अभिभावकों ने आश्वासन दिया कि वे दोनों बालिकाओं का विवाह नहीं करेंगे तथा दोनों बालिकाओं को बाल कल्याण समिति, गिरिडीह के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
प्रखंड प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन में प्रशासन का सहयोग करें तथा कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।